logo

कर्नाटक : होटल के कमरे में था प्रेमी जोड़ा, 6 लोगों ने जबरन दरवाजा खुलवाकर की पिटाई; बताई ये वजह 

abuse3.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

कर्नाटक (Karnataka) में एक होटल के कमरे में प्रेमी जोड़ा रुका हुआ था। अचानक से 6 उपद्रियों ने होटल का दरवाजा जबरन खुलवाया और दोनों की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश में छापेमारी कर रही है। पीडित प्रेमी जोड़े ने थाने में इसकी प्राथमिकी दर्ज करायी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उपद्रियों ने उनकी पिटाई का वीडियो भी बनाया और उसे वायरल कर दिया। वहीं, पुलिस ने बताया है कि दोनों प्रेमी जोड़े अलग-अलग धर्म के हैं। इसी कारण एक समूह के लोगों ने प्रेमी जोड़े पर हमला किया।


महिला को चेहरा भी नहीं ढंकने दिया

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पिटाई के दौरान जब महिला अपना चेहरा ढंकने की कोशिश कर रही थी तब उसे एक बदमाश ने जोरदार धक्का दिया। वो फर्श पर गिर पड़ी और दर्द से कराहने लगी। इतना ही नहीं, महिला ने जब भागने की कोशिश की, तब उसे पकड़कर कमरे के अंदर घसीटा गया और फिर से पिटाई की गयी। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बाकी अपराधियों की तलाश में है। सभी 6 लोगों पर महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने का, हत्या व अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया गया है। 

इस सप्ताह इस तरह की दूसरी घटना     

बता दें कि कर्नाटक में पिछले सप्ताह भी इस तरह की घटना घट चुकी है। यहां एक चचेरे भाई-बहन को प्रेमी जोड़ा समझकर पीटा गया। पुलिस ने बताया है कि भाई-बहन को पीटनेवाले लोग अल्पसंख्यक समुदाय के लोग थे। वे दोनों भाई-बहन को आधे घंटे तक पीटते रहे। जबकि दोनों चीखते रहे कि वे आपस में भाई-बहन हैं। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी और पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बहरहाल, फिलहाल पहली घटना के साथ ये मामला भी कर्नाटक में सुर्खियों में बना हुआ है।